हर किसी से जुड़ने की कला में माहिर हैं लोकप्रिय सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल
हर किसी से जुड़ने की कला में माहिर हैं लोकप्रिय सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल
बिहार की राजनीति में जनार्दन सिंह सिग्रीवाल का नाम एक ऐसे सम्मानित राजनेता के तौर पर लिया जाता है जो अबतक अपराजेय रहे हैं। महाराजगंज के इस भाजपा सांसद को मिलनसार और कर्मठ राजनेता माना जाता है। 2 जनवरी 1959 को सारण जिले के भुमिहारा गांव में एक साधारण किसान परिवार में जन्मे जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने अपनी पढ़ाई छपरा में ही की। उन्होंने छपरा के राजेन्द्र कॉलेज से राजनीति शास्त्र में एमए की डिग्री हासिल की और समाज सेवा के कार्यों में जुट गये। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से वे कॉलेज के दिनों में ही जुड़ गये थे। कॉलेज के दिनों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की राजनीति भी की। वर्ष 1997–2000 के दौरान वे एबीवीपी व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई पदों पर रहे। कला और संस्कृति से उनका गहरा लगाव है और वे अपने चुनावी क्षेत्र के अलावे विभिन्न स्थानों पर भोजपुरी कलाकारों के प्रोत्साहन के लिये सांस्कृतिक आयोजन करते रहते हैं। उनके इसी कला-प्रेम को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कला-संस्कृति मंत्री भी बनाया था। इस दौरान उन्होंने गंगा स्नान का जो ऐतिहासिक आयोजन किया था उसकी चर्चा आज भी होती है। सत्रहवीं लोकसभा के लिये वर्ष 2019 के आम चुनाव में दूसरी बार चुन कर आये जनार्दन सिंह सिग्रीवाल वर्ष 2014 में पहली बार सांसद बनने से पूर्व लगातार चार बार बिहार विधान सभा के सदस्य चुने जा चुके हैं। वे सारण के जलालपुर विधानसभा से 2000, फरवरी 2005 व अक्टूबर 2005 में लगातार विजय प्राप्त कर विधायक बनते रहे। वर्ष 2010 के विधानसभा चुनाव तक डिलिमिटेशन के कारण जलालपुर का विलय हो गया तो उन्होंने छपरा से चुनाव लड़ा। वहां वे उस इलाके के प्रभावशाली राजनेता प्रमेंद्र रंजन सिंह को हरा कर विधायक बने। वर्ष 2003-05 में वे प्रदेश भाजपा के महामंत्री भी रहे और वर्ष 2008-10 में सारण जिलाध्यक्ष बने। वे नीतीश कुमार की भाजपा गठबंधन सरकार में श्रम, युवा, कला एवं संस्कृति जैसे विभागों के मंत्री भी रह चुके हैं। आम तौर पर मीडिया और प्रचार से दूर रहने वाले सिग्रीवाल का कार्यकाल सांसद के रूप में अच्छा माना जाता है। सत्रहवीं लोकसभा में अबतक उनकी उपस्थिति शत प्रतिशत रही है। वे अब तक सात प्रश्न पूछ चुके हैं। वर्ष 2019 के सितंबर में उन्हें लोकसभा की पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मामलों की स्थायी समिति का और अक्टूबर में प्रिविलेज की स्थायी समिति का सदस्य बनाया गया है। जनार्दन सिंह सिग्रीवाल का लगाव खेल और स्वास्थ्य से भी गहरा रहा है। उन्होंने समय समय पर गंभीर बीमारियों से बचाव के लिये स्वास्थ्य कैंप और अन्य आयोजन भी किये। फुटबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स में उनकी खासी दिलचस्पी है औऱ अक्सर वे इनके आयोजनों में भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं।