जमीन से जुड़ी शख्सियत के मालिक सोमबीर सांगवान

जमीन से जुड़ी शख्सियत के मालिक सोमबीर सांगवान

चरखी दादरी के विधायक सोमवीर सांगवान ने न सिर्फ एक स्टार का दर्जा पायी खिलाड़ी को हराया है, बल्कि उन्होंने अपने विकास कार्यों से क्षेत्रवासियों के दिल में जगह भी बना ली है। चाहे सुख हो या दुख, वे हमेशा लोगों के साथ खड़े मिलते हैं।  

सोमबीर सांगवान का जन्म चरखी दादरी के चरखी गांव में 4 जुलाई 1967 को एक साधारण परिवार में हुआ। उनके पिता रिशाला सिंह खेतिहर किसान थे। सोमवीर ने दसवीं तक की पढ़ाई चरखी के सरकारी स्कूल से की और परिवार के साथ खेती-किसानी में जुट गये। इस दौरान उन्हें समाज में फैली गरीबी और किसानों की दुर्दशा पर बहुत क्रोध आता था। उन्होंने सांगवान समाज और भारतीय जनता पार्टी के मंच से अपनी आवाज बुलंद की। वे चालीस सांगवान खाप पंचायतों के प्रधान भी चुने गये। करीब 31 सालों से समाजसेवा करते आ रहे सोमबीर सांगवान ने वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर चरखी दादरी से चुनाव लड़ा था। उस वक्त उन्होंने करीब 42 हजार वोट लिये, लेकिन जीत नहीं मिली। वर्ष 2019 में पार्टी ने सोमबीर को दरकिनार करके दंगल गर्ल बबीता फोगाट को मैदान में उतार दिया। नाराज होकर सांगवान ने पार्टी छोड़ दी और निर्दलीय चुनाव लड़ा। इतना ही नहीं उन्होंने 43849 वोट लेकर चरखी-दादरी से सबसे अधिक वोट पाने का रिकॉर्ड भी बना डाला। उन्होंने भाजपा सरकार का समर्थन किया और उन्हें राज्‍य पशुधन विकास बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया।

पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन एवं दादरी के विधायक सोमबीर सांगवान अपने विधानसभा क्षेत्र में अंत्योदय की भावना से कार्य करते है। समाज के अंतिम व्यक्ति को सरकार की योजना का लाभ मिले इसके लिए ठोस कदम उठाने की कोशिश करते हैं। वे ग्रामीणों की समस्याएं सुनते और गरीब व जरूरतमंद लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को अपना मुख्य एजेंडा मानते है। वे किसानों सहित हर वर्ग की खुशहाली के लिए काम करने में विश्वास रखते है। कहा जाता है जब भी कोई विपत्ति आती तो वे दिल खोलकर किसानों की मदद करने की कोशिश करते है,मुआवजा राशि में बढ़ोतरी उनके प्रयासों का जीता जागता उदाहरण है। उन्होंने अपने क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति मुहैया करवाने का भी प्रयास किया।

उन्होंने अपने विधानसभा में  नागरिकों के परिवार पहचान पत्र बनावाने पर जोर दिया ताकि सभी श्रेणियों विशेषकर गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले बीपीएल परिवारों, किसानों इत्यादि को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। सोमबीर सांगवान का प्रयास विकास कार्यों से दादरी विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने का है, जिससे आम आदमी तक लाभ पहुंच सके। उन्होंने कोरोना का संकट  में लोगों को  सावधान करने और उनके स्वास्थ्य के लिए हर संभव प्रयास किया। वे ग्रामीणों की समस्याओं का ध्यान से सुनने और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश देने के लिए भी जाने जाते हैं।

फेम इंडिया - एशिया पोस्ट "उम्दा विधायक सर्वे" में व्यक्तित्व, छवि, जनता से जुड़ाव, कार्यशैली, लोकप्रियता, विधानसभा में उपस्थिति और प्रश्न, बहस में हिस्सा, विधायक निधि का उपयोग व सामाजिक सहभागिता आदि 10 मुख्य मापदंडों पर किये गये सर्वे में विधायक सोमबीर सांगवान को शख्सियत कैटगरी में प्रमुख स्थान पर पाया गया है।

सर्वे स्रोत - विभिन्न प्रश्नों पर विधानसभा क्षेत्रों की राय, विधायिका और मीडिया से जुड़े लोगों से स्टेक होल्ड सर्वे और विधानसभा से उपलब्ध डाटा के आधार पर।