अर्थतंत्र की अन्नपूर्णा निर्मला सीतारमण
अर्थतंत्र की अन्नपूर्णा निर्मला सीतारमण
अपने-आप में एक मिसाल निर्मला सीतारमण भारत की पहली महिला हैं जो पूर्णकालिक रक्षा मंत्री रह चुकी हैं और वित्त मंत्री के तौर पर कार्य कर रही हैं। मोदी सरकार के दूसरे शासनकाल में निर्मला सीतारमण को 30 मई 2019 को वित्त मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया। इससे पहले सितंबर 2017 में उन्होंने रक्षा मंत्री बनकर भी इतिहास रचा था। वे भारत की वाणिज्य एवं उद्योग और वित्त व कॉर्पोरेट मामलों की राज्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता भी रह चुकी हैं।
मदुरै के एक ब्राम्हण परिवार में 18 अगस्त 1959 को निर्मला सीतारमण का जन्म हुआ था। उनके पिता नारायण सीतारमण रेलवे में नौकरी करते थे और सावित्री देवी गृहणी हैं। उन्होंने तिरुचिरापल्ली के सीतालक्ष्मी कॉलेज से बीए की डिग्री हासिल की। इसके बाद जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय से इकोनॉमिक्स में एमए की डिग्री हासिल की और वहीं से एम फिल भी किया। वहीं उनकी मुलाकात पराकाला प्रभाकर से हुई जिनसे वर्ष 1986 में शादी करके निर्मला लंदन चली गयीं। वहां जाकर उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्राइसवाटरहाउस कूपर में सीनियर मैनेजर के तौर पर की थी। इसके बाद उन्हें बीबीसी वर्ल्ड सर्विस में भी काम करने का अवसर मिला। 1991 में दोनों वापस भारत लौट आये और एक बेटी के जन्म के बाद हैदराबाद में सेटल हो गये।
निर्मला सीतारमण हैदराबाद में सक्रिय तौर पर समाजसेवा के कार्यों में जुट गयीं। वे प्रणव स्कूल के संस्थापकों में से एक हैं और ‘नैशनल कमीशन फॉर वीमेन’ की सदस्य भी रहीं। वर्ष 2006 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। उन्हें पार्टी के छह प्रवक्ताओं के बीच जगह दी गयी। वे कई टीवी डिबेट में पार्टी का चेहरा बनीं और सुर्ख़ियों में रहने लगीं। वर्ष 2014 में नव-निर्वाचित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) और वित्त व कॉर्पोरेट मामलों का राज्य मंत्री बनाया। चूंकि वे सांसद नहीं थीं इसलिये उन्हें आंध्र प्रदेश से राज्यसभा में पहुंचीं। वर्ष 2016 में उन्हें पार्टी ने कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव में उतारा जहां उन्हें जीत हासिल हुई। सितंबर 2017 में मोदी कैबिनेट री-शफल के बाद निर्मला सीतारमण रक्षामंत्री नियुक्त की गयीं और दोबारा शासन में आने के बाद उन्हें वित्तमंत्री के तौर पर कैबिनेट में जगह मिली। वित्तीय क्षेत्र में अपने महत्वपूर्ण सुधारों के लिये उन्हें नयी पहचान मिली। फिलहाल वे देश के चोटी के राजनेताओं में शुमार हैं।
शक्तिशाली नारी शक्ति 2020 के सर्वे " नारायणी नमः" में फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट सर्वे द्वारा समाजिक स्थिती , प्रभाव , प्रतिष्ठा , छवि , उद्देश्य , समाज के लिए प्रयास , देश के आर्थिक और राजनीतिक व्यवस्था पर प्रभाव जैसे दस मानदंडों पर किए गए स्टेकहोल्ड सर्वे में देश की प्रमुख 20 शक्तिशाली नारी में देश वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण प्रमुख स्थान पर है ।