इरादों के मजबूत राजनेता फतेह बहादुर सिंह

फतेह बहादुर सिंह एक ऐसे राजनेता हैं जिनकी लोकप्रियता वर्षों से बरकरार है। वे उत्तर प्रदेश में छह बार विधायक रह चुके हैं और उन्हें प्रदेश का कैबिनेट मंत्री व प्रोटेम स्पीकर बनने का भी अवसर मिल चुका है।
4 मई 1969 को गोरखपुर में एक राजनीतिक परिवार में जन्मे फतेह बहादुर सिंह के पिता वीर बहादुर सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व केंद्र सरकार में संचार मंत्री रह चुके थे। फतेह बहादुर की प्रारंभिक शिक्षा देहरादून के कर्नल ब्राउन कैंब्रिज स्कूल से हुई। उन्होंने नैनी के प्रतिष्ठित सैम हिग्गिनबॉटम युनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर, टेक्नालॉजी एंड साइंस से मैनेजमेंट की डिग्री हासिल की है। पिता के निधन के बाद उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए फतेह बहादुर सिंह ने उन्हीं के विधानसभा क्षेत्र पनियारा से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की जहां के मतदाताओं ने उन्हें विधायक बनाया। उनकी खासियत ये रही कि उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधा संपर्क बनाया और वे पार्टी बदल कर भी आये तो लोगों ने उन्हें सर आंखों पर बिठाया। वे चार बार पनियारा से और डिलिमिटेशन के बाद बने क्षेत्र कैंपियरगंज से दो बार विधायक चुने गये। इस दौरान वे चार प्रमुख दल - कांग्रेस, नैशनलिस्ट कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी सभी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
फतेह बहादुर सिंह वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर कैम्पियरगंज से विधायक चुने गये। इसके पहले वे कैम्पियरगंज से एनसीपी के टिकट पर विधायक बने थे। उसके पहले वे महराजगंज जिले के पनियरा से बसपा के टिकट पर जीत हासिल कर विधायक और मायावती सरकार में वन मंत्री रहे। वे मायावती सरकार में सदन में उनके दाहिने वाली कुर्सी पर बैठने के खासम-खास माने जाते थे। इनदिनों वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाते हैं। जब मुख्यमंत्री को तौर पर योगी को चुना गया तो फतेह बहादुर ने अपनी सीट उन्हें देने की पेशकश कर उनका दिल जीत लिया था। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों पर खासा ध्यान दिया है। शिक्षा के क्षेत्र में प्राइमरी से लेकर हाई एजुकेशन तक की शिक्षा सुचारू रूप से संचालित हो इसके लिए क्षेत्र में स्कूल और कॉलेज बन रहे हैं। रसूलपुर चकिया में मिनी स्टेडियम भी बन रहा है। कोरोना काल में उन्होंने अपने क्षेत्रवासियों की भरपूर मदद की।
फेम इंडिया - एशिया पोस्ट "उम्दा विधायक सर्वे" में व्यक्तित्व, छवि, जनता से जुड़ाव, कार्यशैली, लोकप्रियता, विधानसभा में उपस्थिति और प्रश्न, बहस में हिस्सा, विधायक निधि का उपयोग व सामाजिक सहभागिता आदि 10 मुख्य मापदंडों पर किये गये सर्वे में विधायक फतेह बहादुर सिंह को मजबूत कैटगरी में प्रमुख स्थान पर पाया गया है।
सर्वे स्रोत - विभिन्न प्रश्नों पर विधानसभा क्षेत्रों की राय, विधायिका और मीडिया से जुड़े लोगों से स्टेक होल्ड सर्वे और विधानसभा से उपलब्ध डाटा के आधार पर।